महिलाओं का ऋण वसूली में उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा: जिलाधिकारी
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 15 Oct, 2024
- 589
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज। जिले में माइक्रो फाइनेंस कंपनियों द्वारा गरीब महिलाओं के कर्ज वसूली के दौरान किए जा रहे उत्पीड़न की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने सख्त कदम उठाने का आश्वासन दिया है। इस संदर्भ में उन्होंने और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के प्रतिनिधियों और शिकायतकर्ता महिलाओं के साथ अलग-अलग बैठक की।
जिलाधिकारी झा ने स्पष्ट किया कि ऋण वसूली का कार्य कानूनी दायरे में रहकर आरबीआई की गाइडलाइंस के अनुसार ही होना चाहिए। किसी भी महिला या महिला समूह का उत्पीड़न सहन नहीं किया जाएगा, और यदि ऐसा होता है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने माइक्रो फाइनेंस कंपनियों को यह भी हिदायत दी कि अगर कोई समस्या है, तो वे जिला प्रशासन से संपर्क करें, लेकिन नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं होगा।
बैठक के दौरान माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि कुछ समूहों द्वारा ऋण माफी की अफवाह फैलाई जा रही है, जिससे लोगों को भड़काया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने भी स्पष्ट किया कि उत्पीड़न और अफवाह फैलाने वाले लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने महिलाओं के साथ बैठक की, जहां महिलाओं ने ऋण वसूली के दौरान उत्पीड़न की अपनी शिकायतें साझा कीं। जिलाधिकारी ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि उनका उत्पीड़न किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे ऋण माफी जैसी अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में जिला प्रशासन से संपर्क करें। शिकायतों का समाधान शीर्ष प्राथमिकता पर किया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ पंकज कुमार वर्मा, एसडीएम श्री मुकेश सिंह, एलडीएम श्री बी.एन. मिश्रा, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के प्रतिनिधि और शिकायतकर्ता महिलाएं भी मौजूद रहीं।

